धनतेरस से पहले Gold के दाम आसमान पर, 78,450 प्रति 10 ग्राम हुई कीमत
File Photo


नई दिल्‍ली : भारतीय त्योहारों की शान और प्रतीक माना जाने वाला सोना अब आम आदमी की पहुंच से बाहर होता जा रहा है. दिवाली-धनतेरस पर सोने के गहने खरीदने की चाह रखने वालों को इस बार बड़ा झटका लग सकता है. कारण कि सोने की कीमतें आसमान छू रही हैं और लगातार बढ़ती ही जा रही हैं. शुक्रवार को दिल्ली सराफा बाजार में 24 कैरेट सोने का भाव 150 रुपये बढ़कर 78,450 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था. फिलहाल इसमें नरमी की संभावना भी नहीं दिख रही तो माना जा रहा कि इस बार त्योहारों तक सोना एक नई ऊंचाई पर पहुंच सकता है.

दरअसल, त्योहारों के मौसम में आभूषण विक्रेताओं और खुदरा ग्राहकों की मांग बढ़ने के कारण दिल्‍ली के सर्राफा बाजार में शुक्रवार को सोना 150 रुपये की तेजी के साथ 78,450 रुपये प्रति 10 ग्राम के ताजा सर्वकालिक उच्च स्तर को छू गया. अखिल भारतीय सराफा संघ के अनुसार, चांदी की कीमत भी 1,035 रुपये की तेजी के साथ 94,200 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई. इस तरह, देखा जाए तो सोना और चांदी दोनों की ही कीमतों में बड़ा उछाल दिख रहा है.

नवरात्र से ही शुरू हो गया उछाल
सराफा व्यापारियों ने कीमती धातुओं में तेजी का श्रेय मौजूदा ‘नवरात्र’ त्योहार के कारण आभूषण विक्रेताओं और खुदरा ग्राहकों की बढ़ी हुई लिवाली को दिया. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) के वायदा कारोबार में दिसंबर डिलीवरी वाले सोने के अनुबंधों की कीमत 131 रुपये या 0.17 प्रतिशत बढ़कर 76,375 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई, जो अब तक के उच्चतम स्तर के करीब है. एमसीएक्स में दिसंबर डिलीवरी वाले चांदी के अनुबंधों की कीमत 219 रुपये या 0.24 प्रतिशत बढ़कर 93,197 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है.

कीमत बढ़ाने वाले सभी कारण मौजूद
आनंद राठी शेयर्स एंड स्टॉक ब्रोकर्स के एवीपी (कमोडिटीज एंड करेंसीज) मनीष शर्मा ने कहा, ‘भारत में त्योहारी मौसम की शुरुआत के कारण बाजारों में मजबूत हाजिर मांग से सोने-चांदी के भाव चढ़ रहे हैं. चांदी वायदा में अगले सप्ताह की शुरुआत में कीमतें मजबूत रहने का संकेत है और आगामी सत्रों में नई ऊंचाई पर पहुंचा जा सकता है. ग्‍लोबल मार्केट में सोना 2,678.90 डॉलर प्रति औंस पर है. घरेलू मांग बढ़ने के साथ पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव से भी सोने की कीमतों तेजी बने रहने की आशंका है.

धनतेरस तक कहां जाएगा भाव
आईआईएफएल सिक्‍योरिटीज के कमोडिटी एक्‍स्‍पर्ट अनुज गुप्‍ता का कहना है कि अभी ग्‍लोबल मार्केट में रेट बढ़ने के सभी फैक्‍टर मौजूद हैं. महंगाई और सामरिक तनाव से सोने का भाव निश्चित रूप से ऊपर जाएगा. अगर मौजूदा ट्रेंड को देखें तो धनतेरस तक सोने का भाव 80 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम को भी पार कर सकता है. इस लिहाज से देखा जाए तो पिछले साल धनतेरस से इस साल तक सोने की कीमत करीब 20 हजार रुपये प्रति 10 ग्राम बढ़ जाएगी. 2023 में धनतेरस पर सोना 60,445 रुपये प्रति 10 ग्राम था.

सिर्फ कोरोनाकाल में घटा सोने का भाव
अगर पिछले 7 साल में धनतेरस पर सोने की कीमतों का ट्रेंड देखें तो सिर्फ कोरोनाकाल में ही 2 बार इसकी कीमतों में गिरावट दिखी है, वरना हर साल दाम बढ़ता गया. साल 2018 के धनतेरस पर सोने का रेट 32,600 रुपये था, जबकि अगले ही साल 2019 में यह 38,200 रुपये पहुंच गया. इसके अगले साल 2020 में तो सोना 51 हजार के रेट को पार कर गया. लेकिन, फिर 2021 के धनतेरस में यह गिरकर 47,650 रुपये पर आ गया तो 2022 के त्‍योहारों पर फिर 50 हजार का आंकड़ा पकड़ लिया. एक साल में यानी पिछली धनतेरस पर यह 60 हजार के ऊपर रहा तो इस बार इसका भाव 80 हजार जा रहा है.


(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते है)

अधिक बिज़नेस की खबरें

धनतेरस से पहले Gold के दाम आसमान पर, 78,450 प्रति 10 ग्राम हुई कीमत

Petrol-Diesel Price Today: कच्चा तेल 2.36% टूटा, फिर भी देश में नहीं घटे पेट्रोल-डीजल के दाम, जानें दिल्ली-लखनऊ सहित अपने शहर का ताजा भाव..

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आज बड़ी गिरावट देखने को मिली है। ब्रेंट क्रूड ......

धनतेरस से पहले Gold के दाम आसमान पर, 78,450 प्रति 10 ग्राम हुई कीमत

Petrol-Diesel Rate Today: ग्लोबल मार्केट में महंगा हुआ कच्चा तेल, जानें दिल्ली-लखनऊ समेत आपके शहर में क्या हैं ताजा भाव..

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आज यानी 26 नवंबर को हल्की बढ़ोतरी दर्ज ......

धनतेरस से पहले Gold के दाम आसमान पर, 78,450 प्रति 10 ग्राम हुई कीमत

भारत-एशिया को 25% और ड्रैगन को 40% टैरिफ का प्रस्ताव! वैश्विक व्यापार पर क्या होगा असर?..

रिपोर्टों के मुताबिक, इस सूची में भारत के अलावा कंबोडिया, इंडोनेशिया, दक्षिण कोरिया, मलेशिया, ताइवान और थाईलैंड ......